उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। धौरहरा कोतवाली क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि किशोरी के साथ दुष्कर्म किया गया था और उसके बाद उसे लगातार मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था।
बताया जा रहा है कि घटना के दूसरे दिन ही किशोरी ने आत्मघाती कदम उठा लिया। परिजनों के अनुसार, आरोपी युवक ने दुष्कर्म के बाद किशोरी पर दबाव बनाया था, जिससे वह मानसिक तनाव में आ गई थी।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्रशासन का कहना है कि पीड़िता और उसके परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर जरूरी कदम उठाया जाएगा। मामले की जांच जारी है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहनता से पड़ताल कर रही है।

