Friday, October 2, 2026

बुलंदशहर में रिश्तों का खौफनाक अंत: शक में बेटे ने पिता और पत्नी को गोलियों से भूना, 10 दिन पहले ही पत्नी ने दिया था बच्चे को जन्म

बुलंदशहर के खुर्जा नगर क्षेत्र से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कोतवाली खुर्जा नगर की जंक्शन रिपोर्टिंग चौकी क्षेत्र के गांव कलंदरगढ़ी में मोमिन नाम के युवक ने अपने ही पिता रियाजुद्दीन और पत्नी सना की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपी मोमिन गांव सुधेशपुर में क्लीनिक चलाता है, जबकि उसके पिता रियाजुद्दीन प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। बताया जा रहा है कि मोमिन को कई महीनों से अपनी पत्नी सना और पिता रियाजुद्दीन के बीच अवैध संबंधों का शक था, जिसको लेकर परिवार में पहले से तनाव चल रहा था। रविवार दोपहर इसी शक ने खौफनाक रूप ले लिया और आरोपी ने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से दोनों पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से रियाजुद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सना गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां बाद में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रिपोर्ट्स के अनुसार मोमिन की शादी फरवरी 2025 में वैर निवासी सना से हुई थी और करीब 10 दिन पहले ही सना ने बेटे को जन्म दिया था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, आरोपी को हिरासत में लिया गया और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने भी जांच कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस के अनुसार हत्या में इस्तेमाल पिस्टल रियाजुद्दीन के नाम पर लाइसेंसी थी। फिलहाल आरोपी मोमिन से पूछताछ की जा रही है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात केवल शक के आधार पर अंजाम दी गई या इसके पीछे कोई और वजह भी थी। इस डबल मर्डर ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और गांव में मातम का माहौल है।

Latest news
Related news