कानपुर देहात।
कानपुर देहात में सरेशाम दिल दहला देने वाली लूट की वारदात सामने आई है। बेखौफ बदमाश ने 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर हमला कर गले से सोने की चेन छीन ली। विरोध करने पर बदमाश ने महिला को सड़क पर पटक दिया और घसीटते हुए चेन तोड़कर फरार हो गया। घटना में महिला को गले और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, घटना अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के जैनपुर चौकी इलाके की है। शाम के समय बुजुर्ग महिला घर के अंदर जा रही थी, तभी पीछे से आए बदमाश ने अचानक हमला कर दिया। बदमाश ने महिला को पीछे से पकड़ लिया और जबरन गले की सोने की चेन छीनने लगा। महिला ने जब विरोध किया तो बदमाश ने उसे सड़क पर गिराकर घसीटना शुरू कर दिया।
काफी देर तक खींचतान के बाद बदमाश चेन तोड़ने में सफल रहा और मौके से फरार हो गया। हमले के दौरान महिला की जान पर भी खतरा बन गया था, लेकिन किसी तरह उसने अपनी जान बचाई।
महिला की चीख-पुकार सुनकर घर के परिजन बाहर आए और घायल अवस्था में महिला को उठाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और फोर्स मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दो संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक राजेश पांडेय ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और जल्द ही मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाश की पहचान की जा रही है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने जिले की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सरेशाम बुजुर्ग महिला के साथ हुई लूट की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

