Thursday, October 1, 2026

होली से पहले खूनी वारदात: मामूली विवाद में युवक की चाकू से गोदकर हत्या।




राजधानी लखनऊ में होली के त्योहार से पहले एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दुबग्गा थाना क्षेत्र के बेगरिया गांव में मामूली कहासुनी के बाद एक युवती और उसके भाई ने मिलकर युवक पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और गुस्साए परिजनों ने दुबग्गा थाने का घेराव कर दिया।

मिली जानकारी के मुताबिक बेगरिया गांव निवासी सूरज नाम के युवक का किसी बात को लेकर गांव की एक युवती से विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि युवती ने अपने भाई के साथ मिलकर सूरज पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने युवक पर कई बार चाकू से वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

होली के त्योहार से ठीक पहले हुई इस हत्या की घटना से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गुस्साए परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में दुबग्गा थाने पहुंच गए और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए थाने का घेराव किया।

परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने जानबूझकर युवक पर हमला किया और पुलिस को जल्द से जल्द उन्हें गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

दुबग्गा पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद के बाद हमला किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द ही गिरफ्तारी की बात कह रही है।

होली से पहले हुई इस खौफनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है और गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

Latest news
Related news