Friday, October 2, 2026

हीटवेव की मार, आसमान से गिरने लगे पक्षी!



प्रदेश में लगातार बढ़ रही गर्मी अब इंसानों के साथ-साथ पक्षियों पर भी भारी पड़ने लगी है। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर अब खुले आसमान में उड़ने वाले पक्षियों पर साफ दिखाई दे रहा है। खासतौर पर चील जैसे पक्षी गर्म हवाओं और बढ़ते तापमान की वजह से कमजोर होकर जमीन पर गिरते नजर आ रहे हैं। यह स्थिति पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण के लिहाज से चिंता का विषय बनती जा रही है।

जानकारी के मुताबिक खतौली कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में पिछले करीब एक सप्ताह के दौरान 5 से 6 चीलों के जमीन पर गिरने के मामले सामने आए हैं। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सभी पक्षियों का रेस्क्यू किया गया। घायल और कमजोर हालत में मिले पक्षियों को उपचार के लिए एलआईसी वेलफेयर एनिमल सोसाइटी में रखा गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

वन विभाग के दरोगा दीपक पुंडीर के अनुसार, लगातार बढ़ती गर्मी और हीटवेव को इन घटनाओं की मुख्य वजह माना जा रहा है। उन्होंने बताया कि रेस्क्यू किए गए पक्षियों में से दो चीलों की हालत में सुधार होने के बाद उन्हें वापस प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया गया है, जबकि तीन अन्य चीलों का अभी उपचार चल रहा है। वहीं एक चील की मृत्यु होने की भी जानकारी सामने आई है।

वन विभाग का कहना है कि तेज धूप, गर्म हवाएं और पानी की कमी के कारण पक्षियों पर गंभीर असर पड़ रहा है। खासतौर पर ऊंचाई पर उड़ने वाले पक्षी गर्म हवा की चपेट में आने से कमजोर हो रहे हैं। विभाग ने लोगों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में अपने घरों और आसपास खुले स्थानों पर पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करें, ताकि उन्हें राहत मिल सके।

प्रशासन और वन विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। साथ ही लोगों से यह भी कहा गया है कि यदि कहीं कोई पक्षी घायल या कमजोर हालत में दिखाई दे तो तुरंत वन विभाग या पशु सहायता टीम को सूचना दें, ताकि समय रहते उसका उपचार कराया जा सके।

Latest news
Related news