Thursday, October 1, 2026

हिंदू बस्ती में खरीदे मकान पर विवाद, समाधान न हुआ तो आंदोलन की चेतावनी।

नगर कोतवाली क्षेत्र के पश्चिमी गौशाला मोहल्ले में मकान खरीद को लेकर शुरू हुआ विवाद अब और गंभीर होता जा रहा है। हिंदू संघर्ष समिति ने आरोप लगाया है कि प्रशासन की मौजूदगी में हुए समझौते के बावजूद तय समय सीमा के बाद भी संबंधित मकान खाली नहीं कराया गया है। इस मुद्दे को लेकर समिति के पदाधिकारी सोमवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचे और पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन शुरू करेंगे।

समिति के अनुसार, 20 जनवरी को हिंदू संघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं ने पश्चिमी गौशाला मोहल्ले में एक मकान के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ करते हुए धरना-प्रदर्शन किया था। समिति का आरोप था कि मुस्लिम समाज के कुछ लोगों ने हिंदू बहुल बस्ती में मकान खरीद लिया है। उनका कहना है कि इसके बाद से वहां बाहरी लोगों का आना-जाना बढ़ गया है, जिससे स्थानीय लोगों में असंतोष और तनाव की स्थिति बन गई है।

धरना-प्रदर्शन के दौरान मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे थे। इसके बाद दोनों पक्षों को नगर कोतवाली बुलाकर बातचीत कराई गई थी। इस बैठक में हिंदू संघर्ष समिति के अध्यक्ष नरेंद्र पवार, सीओ सिटी सिद्धार्थ कुमार मिश्रा और नगर मजिस्ट्रेट पंकज राठौर मौजूद रहे।

बैठक में दोनों पक्षों के बीच यह सहमति बनी थी कि 20 फरवरी तक संबंधित मकान खाली कर दिया जाएगा। साथ ही यह भी तय किया गया था कि आगे इस मकान की बिक्री हिंदू समाज के किसी व्यक्ति को की जाएगी, ताकि इलाके में विवाद की स्थिति खत्म हो सके।

हालांकि समिति का आरोप है कि तय समय सीमा बीत जाने के बाद भी मकान खाली नहीं कराया गया। उनका कहना है कि अब मुस्लिम पक्ष मकान खाली करने से इंकार कर रहा है, जिससे पहले हुआ समझौता अधूरा रह गया है।

इसी मामले को लेकर सोमवार को हिंदू संघर्ष समिति के पदाधिकारी एसएसपी कार्यालय पहुंचे और प्रशासन से हस्तक्षेप कर जल्द समाधान कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे दोबारा आंदोलन शुरू करने को मजबूर होंगे।

वहीं पुलिस अधिकारियों ने समिति के प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया है कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और स्थिति को देखते हुए उचित कार्रवाई की जाएगी, ताकि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे।

Latest news
Related news