Thursday, October 1, 2026

हनुमान चालीसा को लेकर विवाद, मारपीट के बाद घरों पर लगे ‘मकान बिकाऊ’ के पोस्टर।

गाजियाबाद:
गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र में हनुमान चालीसा को लेकर शुरू हुआ विवाद अब गंभीर सामाजिक तनाव में बदलता दिखाई दे रहा है। आरोप है कि हनुमान चालीसा बजाने को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ युवकों ने स्थानीय लोगों के साथ मारपीट की। घटना के बाद भय और असुरक्षा के माहौल में कुछ हिंदू परिवारों ने अपने घरों पर ‘मकान बिकाऊ है’ के पोस्टर तक लगा दिए, जिससे इलाके में माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, नंदग्राम क्षेत्र के एक मोहल्ले में कुछ लोग हनुमान चालीसा बजा रहे थे। इसी दौरान दूसरे समुदाय के कुछ युवकों ने इसका विरोध किया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि तीन युवकों ने मौके पर मौजूद लोगों के साथ मारपीट कर दी। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में डर का माहौल बन गया।

घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक को एक महिला के साथ हाथापाई करते और थप्पड़ मारते हुए देखा जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश और भी बढ़ गया। लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाओं से इलाके में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

विवाद के बाद कुछ हिंदू परिवारों ने अपने घरों के बाहर ‘मकान बिकाऊ’ के पोस्टर लगा दिए। उनका कहना है कि लगातार बढ़ते विवाद और असुरक्षा की भावना के कारण वे यहां से पलायन करने को मजबूर हो रहे हैं। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद कुछ हिंदूवादी संगठन के नेता भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की।

मामला बढ़ने के बाद पुलिस ने भी तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया। पुलिस ने जीशान, ताहिर और राशिद को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और वायरल वीडियो की भी जांच कराई जा रही है।

पुलिस का कहना है कि इलाके में स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने से लोगों को बचने की सलाह दी गई है। साथ ही इलाके में पुलिस की निगरानी भी बढ़ा दी गई है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।

प्रशासन का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

Latest news
Related news