Thursday, October 1, 2026

सैफई में सपा का शक्ति प्रदर्शन, फूलों की होली में जुटा जनसैलाब।



इटावा/सैफई। होली के मौके पर सैफई में समाजवादी पार्टी की ओर से आयोजित फूलों की होली का कार्यक्रम इस बार राजनीतिक रंग में रंगा नजर आया। सैफई स्थित समाजवादी पार्टी के केंद्रीय कार्यालय पर भव्य पंडाल सजाया गया, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी जुटे।

कार्यक्रम में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव, वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव, सांसद डिंपल यादव, पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव समेत पार्टी के कई विधायक, सांसद और प्रमुख पदाधिकारी मंच पर मौजूद रहे। मंच से पार्टी नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया और संगठन की मजबूती का संदेश दिया।

हजारों की संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया। फूलों की होली को लेकर पंडाल में पारंपरिक गीतों और नारों के बीच जोश का माहौल रहा। अखिलेश यादव मंच से समर्थकों का अभिनंदन करते नजर आए और कार्यक्रम के दौरान उन्होंने उत्सव का आनंद लिया।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, थोड़ी देर में अखिलेश यादव स्वयं कार्यकर्ताओं के साथ फूलों की होली खेलेंगे। इस दौरान मीडिया से भी उनके रूबरू होने की संभावना जताई जा रही है, जिससे राजनीतिक संदेश निकलने के संकेत हैं।

राजनीतिक दृष्टि से इस आयोजन को संगठनात्मक एकजुटता और शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। होली के बहाने सपा नेतृत्व ने अपने समर्थकों को एक मंच पर लाकर आगामी राजनीतिक रणनीति के संकेत देने की कोशिश की है। कार्यक्रम में सुरक्षा और व्यवस्थाओं के भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

सैफई में आयोजित यह फूलों की होली सिर्फ सांस्कृतिक आयोजन भर नहीं, बल्कि राजनीतिक संदेश देने वाला अहम अवसर बनता दिख रहा है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव किन मुद्दों पर अपनी बात रखते हैं।

Latest news
Related news