Thursday, October 1, 2026

सड़क सुरक्षा नियमों का पालन जीवन की सुरक्षा की पहली शर्त: प्रशिक्षण कार्यक्रम में कर्मचारियों को किया जागरूक।

मुजफ्फरनगर।
राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह के तहत जीनस पेपर एंड बोर्ड्स लिमिटेड, मुजफ्फरनगर में सड़क सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत “सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम” और “व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण प्रतियोगिता” का आयोजन किया गया, जिसमें कर्मचारियों को सुरक्षा नियमों की गंभीरता से जानकारी दी गई और उनका पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में NHAI 709 AD के कंट्रोलर विकास यादव और उनकी टीम ने फैक्ट्री में कार्यरत कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए विस्तार से प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं से बचने के लिए सभी यातायात नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कर्मचारियों को हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा और अन्य सुरक्षा नियमों का पालन करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

प्रशिक्षण के दौरान यह भी बताया गया कि हाईवे पर किसी भी प्रकार की दुर्घटना, खराब वाहन या अन्य आपात स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय राजमार्ग हेल्पलाइन नंबर 1033 पर सूचना देकर सहायता प्राप्त की जा सकती है। कर्मचारियों को इस नंबर के बारे में जागरूक करते हुए कहा गया कि समय पर सूचना देने से कई बड़ी दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है और लोगों की जान बचाई जा सकती है।

कार्यक्रम का संचालन महाप्रबंधक मानव संसाधन एवं प्रशासन रविंद्र कुमार शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर इकाई प्रमुख चंद्रेश गुप्ता ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का शत-प्रतिशत पालन करना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से अपील की कि वे स्वयं भी नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

साथ ही कार्यक्रम के दौरान आयोजित व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण प्रतियोगिता में भाग लेने वाले कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया गया और बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को बधाई दी गई।

कार्यक्रम में कमर्शियल हेड जी. सी. कोठारी, जीनस सुरक्षा दस्ता तथा कंपनी के अन्य अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस दौरान सभी को यह संदेश दिया गया कि सुरक्षा केवल नियम नहीं बल्कि जीवन की रक्षा का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है।

Latest news
Related news