मुजफ्फरनगर। थाना सिविल लाइन क्षेत्र की मदीना कॉलोनी में एक विवाहिता के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। वायरल वीडियो में एक महिला के साथ सड़क पर मारपीट होती दिखाई दे रही है, जिसके बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
पीड़िता रेशमा ने पुलिस को दी गई तहरीर में अपने पति अफसान, देवर शमशाद और परिवार की अन्य महिलाओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि उसके तीन नाबालिग बच्चे हैं और आरोप है कि उसका पति परिवार के अन्य लोगों के साथ मिलकर उसे बच्चों सहित घर से निकालना चाहता है।
रेशमा के अनुसार, जिस मकान में वह रह रही है, उसे लेकर परिवार में विवाद चल रहा है। महिला का आरोप है कि उसके पति द्वारा मकान अपने छोटे भाई के नाम करने की कोशिश की जा रही है। इस संबंध में मामला सिविल न्यायालय में विचाराधीन बताया गया है। पीड़िता का कहना है कि विवाद के बीच बिजली कनेक्शन भी कटवा दिया गया, जिससे उसे बच्चों सहित परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
महिला ने आरोप लगाया कि लंबे समय से उसका और उसके बच्चों का भरण-पोषण भी ठीक तरह से नहीं किया जा रहा। उसने बताया कि वह मायके से मदद लेकर बच्चों का पालन-पोषण कर रही है।
पीड़िता ने अपने देवर पर घर में घुसकर अभद्रता, मारपीट और गलत हरकत करने के आरोप भी लगाए हैं। महिला का कहना है कि कुछ दिन पहले उसके साथ जबरन गलत काम करने का प्रयास किया गया, लेकिन शोर मचाने पर वह खुद को बचाकर बाहर निकल आई। महिला ने आरोप लगाया कि जाते समय उसे धमकी भी दी गई।
तहरीर में यह भी कहा गया है कि बुधवार दोपहर पति, देवर और परिवार की एक महिला सदस्य कमरे में घुस आए और मकान खाली करने का दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर कथित रूप से मारपीट की गई। आरोप है कि महिला को घर से बाहर सड़क तक खींचा गया और उसके साथ हाथापाई की गई। इसी दौरान किसी स्थानीय व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। महिला का मेडिकल परीक्षण कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार वायरल वीडियो और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

