Thursday, October 1, 2026

संगीत सोम के बयान से छेड़छाड़ का आरोप, गिरफ्तारी की मांग तेज।

मेरठ के सरधना क्षेत्र में पूर्व विधायक Sangeet Som के बयान को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। बुधवार को बड़ी संख्या में लोग उनके समर्थन में एसएसपी कार्यालय पहुँचे और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की।
आरोप है कि एक युवक ने पूर्व विधायक संगीत सोम के बयान को तोड़मरोड़ कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। बताया जा रहा है कि अपने मूल बयान में संगीत सोम, बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के कार्यों की प्रशंसा कर रहे थे, लेकिन वायरल वीडियो में उसे गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया, जिससे समाज में भ्रम और नाराज़गी फैल गई।
इस वायरल वीडियो के बाद दलित समाज के लोगों में भारी रोष देखने को मिला। कई लोगों ने इसे समाज को भड़काने की कोशिश बताया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए दौराला क्षेत्र से ब्लॉक प्रमुख के पति भी एसएसपी कार्यालय पहुँचे और लिखित शिकायत दी। उन्होंने मांग की कि आरोपी युवक के खिलाफ तुरंत मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी की जाए, ताकि इस तरह की भ्रामक खबरें फैलाने वालों पर रोक लग सके।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इस तरह के भ्रामक और भड़काऊ कंटेंट से समाज में आपसी सौहार्द बिगड़ सकता है और कानून-व्यवस्था की स्थिति भी प्रभावित हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई करने की अपील की है।
वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Latest news
Related news