बुलंदशहर। जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग ने एक परिवार की खुशियों को गहरे सदमे में बदल दिया। भात की रस्म के दौरान नाबालिग द्वारा की गई फायरिंग में 8 वर्षीय रेयांश सोनी गंभीर रूप से घायल हो गया, जो फिलहाल अस्पताल में कोमा में है और वेंटिलेटर सपोर्ट पर जिंदगी की जंग लड़ रहा है।
घटना 19 फरवरी की शाम करीब 5:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार एक शादी समारोह में भात कार्यक्रम चल रहा था। ढोल-नगाड़ों और जश्न के माहौल के बीच आरोपी नाबालिग अपनी बड़ी बहन की शादी की रस्म के दौरान अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से हर्ष फायरिंग कर रहा था। इसी दौरान अचानक चली गोली पास में मौजूद मासूम रेयांश सोनी को जा लगी।
गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि गोली लगने के तुरंत बाद परिजन घायल बच्चे को गोद में उठाकर भागते नजर आ रहे हैं। बच्चे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।
इस घटना का एक और लाइव वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में आरोपी नाबालिग खुलेआम पिस्टल से फायरिंग करता दिखाई दे रहा है।
पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी नाबालिग और उसके पिता रोबिन वर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से आरोपी पिता-पुत्र फरार बताए जा रहे हैं और पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को बेहद गंभीरता से लिया गया है। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है और वायरल वीडियो व सीसीटीवी फुटेज को जांच में शामिल किया गया है।
यह घटना एक बार फिर शादी समारोहों में होने वाली हर्ष फायरिंग के खतरनाक और जानलेवा परिणामों को सामने लाती है, जिसमें लापरवाही की कीमत एक मासूम अपनी जिंदगी देकर चुका रहा है। फिलहाल सभी की नजरें रेयांश की हालत पर टिकी हैं और परिवार उसके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहा है।

