Thursday, October 1, 2026

शहीद अग्निशमन कर्मियों की याद में निकली जागरूकता रैली, सुरक्षा को लेकर गंभीर संदेश।




मुजफ्फरनगर, 14 अप्रैल 2026।
अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस के अवसर पर आज मुजफ्फरनगर में शहीद फायर कर्मियों को श्रद्धांजलि देते हुए एक व्यापक जागरूकता रैली निकाली गई। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार वर्मा ने रिजर्व पुलिस लाईन्स से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और लोगों से अग्नि सुरक्षा के प्रति गंभीर रहने की अपील की।

यह दिन उन 66 बहादुर अग्निशमन कर्मियों की याद में मनाया जाता है, जिन्होंने मुंबई विक्टोरिया बंदरगाह अग्निकांड 1944 के दौरान आग बुझाते हुए अपने प्राणों की आहुति दी थी। यह घटना देश के इतिहास में अग्निशमन सेवा के सर्वोच्च बलिदानों में से एक मानी जाती है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।

आज आयोजित रैली रिजर्व पुलिस लाईन से शुरू होकर भोपा रोड, टिकैत चौक, महावीर चौक, मीनाक्षी चौक और मालवीय चौक सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान लोगों को आग से बचाव के उपायों, सतर्कता और आपातकालीन स्थिति में सही कदम उठाने के बारे में जागरूक किया गया। रैली का समापन फायर स्टेशन पर हुआ।

इस अवसर पर अधिकारियों ने बताया कि 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक पूरे जनपद में अग्नि सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान जागरूकता रैली, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता, मॉक ड्रिल जैसे कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि आम नागरिकों में आग से बचाव को लेकर समझ और जिम्मेदारी विकसित की जा सके।

इस वर्ष अग्नि सुरक्षा सप्ताह का मुख्य संकल्प है —
“Safe School, Safe Hospital & Fire Safety Aware Society – Together for Fire Prevention”
अर्थात सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल और अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज—आग की रोकथाम के लिए एकजुट प्रयास।

अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों, अस्पतालों, बहुमंजिला इमारतों, औद्योगिक इकाइयों और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे, ताकि हर वर्ग तक अग्नि सुरक्षा का संदेश पहुंचे।

कार्यक्रम में सीएफओ अनुराग कुमार, क्षेत्राधिकारी यातायात रविन्द्र प्रताप सिंह, प्रतिसार निरीक्षक उदल सिंह सहित पुलिस एवं अग्निशमन विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अग्नि सुरक्षा नियमों को गंभीरता से लें, लापरवाही से बचें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत फायर सर्विस को सूचना दें, क्योंकि एक छोटी सी चूक बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

Latest news
Related news