Thursday, October 1, 2026

लाइव आकर मौत को चुनौती! बिग बॉस फेम अनुराग डोभाल की हाईस्पीड कार का खौफनाक एक्सीडेंट।

मेरठ: सोशल मीडिया पर लाइव आकर कथित तौर पर सुसाइडल अटेम्प्ट करने की खबर ने एक बार फिर मशहूर यूट्यूबर और बिग बॉस 17 फेम अनुराग डोभाल को सुर्खियों में ला दिया है। जानकारी के अनुसार, अनुराग डोभाल की तेज रफ्तार कार दिल्ली-देहरादून हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान वह सोशल मीडिया पर लाइव भी थे, जिससे पूरे मामले ने गंभीर रूप ले लिया है।

सूत्रों के मुताबिक, घटना उस समय हुई जब अनुराग डोभाल हाई स्पीड में अपनी कार चला रहे थे। इसी दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों और साथियों की मदद से उन्हें मेरठ के सुभारती अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने अनुराग को प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) दिया। शुरुआती इलाज के बाद उनके साथ मौजूद लोग उन्हें अस्पताल से अपने साथ ले गए। फिलहाल उनकी स्थिति को लेकर आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन सामने नहीं आया है, लेकिन बताया जा रहा है कि उन्हें गंभीर चोटें नहीं आईं।

बताया जा रहा है कि हादसे से पहले अनुराग डोभाल सोशल मीडिया पर लाइव थे और उसी दौरान उन्होंने सुसाइडल अटेम्प्ट जैसा कदम उठाने की बात कही थी। हालांकि इस पूरे मामले की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।

गौरतलब है कि अनुराग डोभाल को सोशल मीडिया पर “यूके 07 राइडर” के नाम से भी जाना जाता है और उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग है। वह पहले भी मानसिक तनाव और निजी कारणों को लेकर चर्चा में रह चुके हैं। खबरों के मुताबिक, वह पहले भी आत्महत्या का प्रयास कर चुके हैं, जिसके कारण यह मामला और भी संवेदनशील माना जा रहा है।

इस घटना के बावजूद अभी तक मेरठ पुलिस को इस मामले में कोई औपचारिक सूचना नहीं मिली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अगर दुर्घटना या सुसाइडल अटेम्प्ट से जुड़ी कोई आधिकारिक शिकायत या मेडिकल रिपोर्ट सामने आती है, तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल यह घटना सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बन गई है। लोग अनुराग डोभाल की सेहत को लेकर चिंता जता रहे हैं और मामले की सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।

Latest news
Related news