लखनऊ।
बार काउंसिल चुनाव के दौरान मंगलवार को लखनऊ हाई कोर्ट परिसर रणक्षेत्र में बदल गया। मतदान प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर अधिवक्ताओं का गुस्सा भड़क उठा और देखते ही देखते हाई कोर्ट परिसर में भारी हंगामा शुरू हो गया। आक्रोशित वकीलों ने मतदान केंद्रों पर विरोध प्रदर्शन किया, बैलेट पेपर फाड़ दिए और चुनाव प्रक्रिया को रोक दिया।
बताया जा रहा है कि मतदान के दौरान कुछ बैलेट पेपर पहले से चिन्हित पाए गए, जिसके बाद अधिवक्ताओं ने चुनाव में बड़े पैमाने पर धांधली का आरोप लगाया। इसी मुद्दे को लेकर वकीलों के बीच तीखी बहस शुरू हुई, जो कुछ ही देर में उग्र विरोध में बदल गई। कई स्थानों पर बूथ उखाड़े जाने और कुर्सियां तोड़े जाने की भी खबर सामने आई है।
स्थिति बिगड़ने पर चुनाव प्रक्रिया को तत्काल स्थगित करना पड़ा। हाई कोर्ट परिसर में भारी संख्या में अधिवक्ताओं की भीड़ जमा हो गई और नारेबाजी शुरू हो गई। माहौल को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था को सक्रिय किया गया।
सूत्रों के अनुसार, अधिवक्ताओं का कहना है कि यदि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। वहीं, चुनाव अधिकारियों की ओर से कहा गया है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बार काउंसिल चुनाव में हुई इस घटना ने न्यायिक परिसर की सुरक्षा और चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

