Thursday, October 1, 2026

रायबरेली में फर्जी लोन कांड पर बवाल, कार्रवाई न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी।





रायबरेली जनपद में कथित फर्जी केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) लोन और उससे जुड़े मामले ने तूल पकड़ लिया है। पल्लवी पटेल के रायबरेली पहुंचने के बाद यह मामला और भी गरमा गया है। उन्होंने सीधे तौर पर जिले के पुलिस प्रशासन, खासकर पुलिस अधीक्षक पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

पल्लवी पटेल का कहना है कि उनके एक कार्यकर्ता और किसान की मौत फर्जी लोन और अवैध वसूली के दबाव के कारण हुई थी। आरोप है कि मार्च महीने में बैंक अधिकारियों द्वारा फर्जी केसीसी के नाम पर अवैध वसूली की कोशिश की गई थी, जिससे किसान मानसिक रूप से परेशान हो गया और अंततः उसने अपनी जान दे दी।

उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में पुलिस की भूमिका संदिग्ध है। पुलिस अधीक्षक पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि मामले में “हीला-हवाली” की जा रही है और अब तक न तो बैंक फ्रॉड का पूरी तरह खुलासा हुआ है और न ही आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की गई है।

पल्लवी पटेल ने यह भी बताया कि पुलिस ने पहले कुछ नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था, लेकिन हैरानी की बात यह है कि गिरफ्तारी की धाराएं होने के बावजूद अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उनके मुताबिक, धोखाधड़ी में शामिल लोग खुलेआम घूम रहे हैं और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।

यह पूरा मामला जगतपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां पीड़ित किसान के साथ कथित तौर पर धोखाधड़ी की गई थी।

पल्लवी पटेल ने साफ चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो वह इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाएंगी। उन्होंने बड़े स्तर पर आंदोलन की भी बात कही है।

इस मामले ने जिले में कानून-व्यवस्था और बैंकिंग प्रणाली दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर आरोपों पर क्या कदम उठाता है और पीड़ित परिवार को कब तक न्याय मिल पाता है।

Latest news
Related news