राप्ती नदी में डूबीं दो सहेलियां, गांव में मातम
श्रावस्ती जिले के सोनवा थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में उस वक्त दर्दनाक हादसा हो गया, जब खेल-खेल में नदी में नहाने गईं दो नाबालिग सहेलियां राप्ती नदी में डूब गईं। इस हादसे के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई। मृतक बच्चियों की पहचान 14 वर्षीय गुलशन जहां और 11 वर्षीय अंशु देवी के रूप में हुई है।
घटना श्रावस्ती के सोनवा थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव की है। जानकारी के मुताबिक, दोनों सहेलियां गुलशन और अंशु घर से पास बह रही राप्ती नदी में नहाने के लिए गई थीं। नहाने के दौरान उन्हें पानी की गहराई का अंदाजा नहीं हुआ और देखते ही देखते दोनों गहरे पानी और तेज धार की चपेट में आ गईं।
कुछ ही पलों में दोनों नदी में लापता हो गईं। जब काफी देर तक वे घर नहीं लौटीं, तो परिजनों को चिंता हुई और उनकी तलाश शुरू की गई। ग्रामीणों की मदद से घंटों तक खोजबीन चली। कड़ी मशक्कत के बाद करीब 2 से 3 घंटे बाद दोनों के शव नदी से बाहर निकाले गए।
जैसे ही दोनों बच्चियों के शव गांव पहुंचे, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे गांव में मातम छा गया।
“हमें पता ही नहीं चला कि वो कब गहरे पानी में चली गईं… जब तक ढूंढा तब तक सब खत्म हो चुका था।”
“दोनों साथ में ही गई थीं, जब नहीं लौटीं तो तलाश शुरू की… 2 से 3 घंटे बाद दोनों की लाश मिली।”
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
“सोनवा थाना क्षेत्र के नारायणपुर में दो बच्चियों की डूबने से मृत्यु की सूचना मिली थी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और विधिक कार्रवाई की जा रही है। परिजनों से पूछताछ की गई है और मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।”
यह हादसा एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि नदी-तालाब जैसे खतरनाक स्थानों पर बच्चों की सुरक्षा को लेकर कितनी लापरवाही बरती जा रही है। एक पल की चूक ने दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं।
रोते-बिलखते परिजन
शव के पास जुटी भीड़
गांव में मातमी माहौल
मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी

