मेरठ (कंकरखेड़ा):
मेरठ में आईपीएल सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क पर पुलिस ने जोरदार प्रहार करते हुए संगठित गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है। शहर में चार्ज संभालते ही एसपी सिटी ने जिस सख्ती और तेवर के साथ काम शुरू किया है, उसने अपराधियों में सीधा खौफ पैदा कर दिया है। इस कार्रवाई को मेरठ में चल रहे अवैध सट्टे के खिलाफ बड़ी और निर्णायक कार्रवाई माना जा रहा है।
15 अप्रैल की रात थाना कंकरखेड़ा पुलिस ने ड्रीम सिटी कॉलोनी में पुख्ता सूचना के आधार पर छापा मारा। यहां एक मकान के अंदर हाईटेक तरीके से आईपीएल मैच पर सट्टेबाजी का खेल चल रहा था। पुलिस टीम ने मौके से दीपक जैन, रजनीश जैन और विभोर जैन को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
छापेमारी के दौरान जो सामान बरामद हुआ, उसने पूरे मामले की गंभीरता को और बढ़ा दिया। पुलिस ने मौके से 2 एलईडी टीवी, 11 मोबाइल फोन, बड़ी मात्रा में नकदी, डेबिट कार्ड, सट्टा पर्चियां और कैलकुलेटर जब्त किए हैं। शुरुआती जांच में साफ हुआ है कि आरोपी सुनियोजित तरीके से सट्टे का नेटवर्क चला रहे थे और लगातार मैचों पर दांव लगवा रहे थे।
पुलिस के अनुसार यह गिरोह Lucknow Super Giants और Royal Challengers Bengaluru के बीच चल रहे मुकाबले पर सट्टा चला रहा था। आशंका है कि यह केवल एक ठिकाना नहीं, बल्कि बड़े सिंडिकेट का हिस्सा हो सकता है, जिसके तार शहर से बाहर तक फैले हो सकते हैं।
एसपी सिटी की अगुवाई में हुई इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि मेरठ पुलिस अब पूरी तरह एक्शन मोड में है। अपराध और अवैध कारोबार पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। पुलिस अब जब्त मोबाइल और अन्य उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कर रही है, जिससे पूरे नेटवर्क, पैसों के लेनदेन और जुड़े अन्य आरोपियों का खुलासा हो सके।
तीनों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस सट्टा नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।
मेरठ में इस बड़ी कार्रवाई के बाद साफ संदेश गया है—अब कोई भी अवैध धंधा पुलिस की नजर से नहीं बचेगा, और कानून तोड़ने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई तय है।
जनपद मेरठ से संवाददाता दीपक वर्मा की रिपोर्ट

