Thursday, October 1, 2026

मेरठ में संदिग्ध जहरीली शराब से मौत का तांडव, दो की जान गई, एक वेंटिलेटर पर।

मेरठ के दौराला कस्बे में संदिग्ध जहरीली शराब पीने से हड़कंप मच गया है। शुक्रवार देर शाम तीन युवकों की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद यह मामला सामने आया, जिसमें अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक युवक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।

जानकारी के अनुसार दौराला निवासी जितेंद्र (45), दौलत (25) और बाबूराम एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। शराब पीने के कुछ ही देर बाद तीनों की हालत अचानक बिगड़ने लगी और वे बेहोश हो गए। घटना से घबराए परिजनों ने तुरंत उन्हें सरकारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया।

इलाज के दौरान जितेंद्र और दौलत ने दम तोड़ दिया, जबकि बाबूराम की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है।

डॉक्टर प्रफुल्ल चौहान के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला किसी जहरीले पदार्थ के सेवन का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

वहीं थाना प्रभारी सुमन कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि शराब कहां से खरीदी गई थी और उसका ब्रांड क्या था। मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

प्रशासन और पुलिस की टीमें सक्रिय हैं और यदि जहरीली शराब की पुष्टि होती है, तो यह मामला और भी गंभीर रूप ले सकता है। इलाके में दहशत का माहौल है और लोग इस घटना से सहमे हुए हैं।

Latest news
Related news