मेरठ में लंबे समय से सक्रिय एक शातिर जेबकतरी गिरोह का आखिरकार पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस गैंग ने बड़ी चालाकी से लोगों की जेब काटकर लाखों रुपये की ज्वेलरी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गहन जांच शुरू की और करीब 500 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद इस गिरोह तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी बेहद शातिर हैं और वारदात को अंजाम देने के लिए फौजी जैसे लुक में रहते थे, ताकि किसी को उन पर शक न हो। ये आरोपी भीड़-भाड़ वाले इलाकों और खासतौर पर टेम्पू में सफर करने वाले यात्रियों को निशाना बनाते थे। कुछ दिन पहले भी एक यात्री के साथ टेम्पू में सफर के दौरान जेब काटकर महंगी ज्वेलरी चोरी की गई थी, जिसकी शिकायत देहली थाने में दर्ज कराई गई थी।
इस घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लगातार निगरानी और जांच की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने कई वारदातों में शामिल होने की बात कबूल की है।
एसपी सिटी ने प्रेसवार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया और बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। पुलिस अब चोरी गई ज्वेलरी को बरामद करने और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
इस घटना ने एक बार फिर शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। साथ ही लोगों को भी सतर्क रहने और भीड़-भाड़ वाली जगहों पर अपने कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर जागरूक रहने की जरूरत है।

