Thursday, October 1, 2026

मेरठ के कनवे होटल में चोरी का खुलासा, नशे के आदी युवक ने नए मोबाइल के लिए दिया वारदात को अंजाम।

मेरठ के कनवे होटल में 5 तारीख की रात हुई चोरी की घटना का पुलिस ने आखिरकार खुलासा कर दिया है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने पांच अलग-अलग टीमों का गठन किया और करीब 550 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला युवक नशे का आदी है और जिम में आता-जाता था। आरोपी ने नया मोबाइल खरीदने के लिए पैसे जुटाने के मकसद से होटल में चोरी की योजना बनाई और 5 तारीख की रात कनवे होटल में वारदात को अंजाम दे दिया।

घटना के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश भी की। पहचान छुपाने और पुलिस से बचने के लिए वह करीब 50 किलोमीटर तक पैदल चलता रहा, ताकि उसकी लोकेशन और पहचान का पता न चल सके। पुलिस ने शहर और आसपास के इलाकों के 550 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके बाद आरोपी की गतिविधियों का सुराग मिला।

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी युवक का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने उसे ट्रेस कर लिया और पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया।

एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस की पांच टीमें लगातार काम कर रही थीं। तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी तक पहुंचा गया। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस घटना के खुलासे के बाद पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि अपराध करने वाले चाहे कितनी भी चालाकी क्यों न करें, कानून के हाथों से बच नहीं सकते।

Latest news
Related news