Friday, October 2, 2026

मुठभेड़ के बाद लूट गिरोह गिरफ्तार, तीन आरोपी पुलिस हिरासत में!



मुज़फ़्फ़रनगर में दुकान पर लूट की घटना के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस और आरोपियों के बीच हुई मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी घायल हो गया, जबकि उसके दो साथियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटा गया मोबाइल, नगदी, अवैध हथियार और घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद करने का दावा किया है।

जानकारी के अनुसार थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के कछौली निवासी संजीव कुमार ने 19 मई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 15 मई को उनकी दुकान पर दो युवक कोल्डड्रिंक लेने के बहाने पहुंचे थे। इसी दौरान मौका देखकर आरोपियों ने दुकान से मोबाइल और गल्ले में रखी नगदी निकाल ली। विरोध करने पर आरोपियों ने हथियार दिखाकर धमकाया और सड़क किनारे खड़े अपने तीसरे साथी की बाइक पर बैठकर फरार हो गए।

घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। गुरुवार को थाना कोतवाली नगर पुलिस दीदाहेड़ी-कल्लरपुर चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक स्प्लेंडर बाइक पर तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी बाइक मोड़कर तेजी से भागने लगे।

पुलिस के अनुसार पीछा करने पर कुछ दूरी आगे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद तीनों आरोपी जंगल की ओर भागे और पुलिस टीम पर फायरिंग की घटना हुई। जवाबी कार्रवाई में फरमान नाम का आरोपी पैर में घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी सोनू और सुएब को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।

घायल आरोपी की पहचान फरमान पुत्र अय्यूब निवासी सल्फा थाना कांधला जनपद शामली के रूप में हुई है। वहीं गिरफ्तार अन्य आरोपियों में सोनू पुत्र सत्यपाल निवासी लिसाड़ और सुएब पुत्र साबिर निवासी बल्वा शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन तमंचे, कारतूस, लूटा गया रेडमी मोबाइल, 2150 रुपये नकद और बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर बाइक बरामद की है।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक फरमान के खिलाफ शामली और मुज़फ़्फ़रनगर में पहले से भी कई मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि बाकी आरोपियों से पूछताछ जारी है।

सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि पुलिस लगातार अपराध नियंत्रण के लिए अभियान चला रही है और क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Latest news
Related news