Wednesday, October 7, 2026

मुज़फ्फरनगर में डीजल चोर गिरोह से पुलिस की मुठभेड़, एक बदमाश घायल, साथी फरार।



मुज़फ्फरनगर। गुरुवार सुबह खालापार थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता उस समय मिली जब पानीपत–खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर राणा चौक से शामली की ओर जाते हुए काली नदी पुल के पास जंगल क्षेत्र में डीजल चोरी करने वाले एक गिरोह से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

पुलिस के अनुसार घायल बदमाश की पहचान शहजाद पुत्र इस्लाम, निवासी गांव मन्ना माजरा, थाना कैराना, जनपद शामली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शहजाद अपने साथी आसिफ के साथ मिलकर लंबे समय से हाईवे किनारे खड़े ट्रकों को निशाना बनाकर डीजल चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। दोनों आरोपी स्विफ्ट डिजायर कार का इस्तेमाल करते थे और ढाबों तथा होटलों के बाहर खड़े ट्रकों के डीजल टैंकों के ताले तोड़कर चोरी करते थे।

घटना उस समय हुई जब पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली और टीम ने चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस द्वारा वाहन रोकने का प्रयास किए जाने पर दोनों बदमाश कार छोड़कर जंगल की ओर भाग गए और इसी दौरान उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में शहजाद के पैर में गोली लग गई और वह मौके पर ही गिर पड़ा, जबकि उसका साथी आसिफ अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

घटनास्थल से पुलिस ने एक तमंचा (.315 बोर), एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, स्विफ्ट डिजायर कार तथा छह प्लास्टिक कैन बरामद किए हैं। इनमें तीन कैन में लगभग 120 लीटर चोरी का डीजल भरा हुआ था, जबकि तीन कैन खाली मिले।

घायल बदमाश को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं पुलिस ने फरार आरोपी आसिफ की तलाश में आसपास के जंगल और इलाकों में सघन कांबिंग अभियान शुरू कर दिया है।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह काफी समय से सक्रिय था और हाईवे पर खड़े ट्रकों को निशाना बनाकर लगातार डीजल चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। पुलिस पूरे नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

Latest news
Related news