मुजफ्फरनगर में राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) ने आगामी 13 अप्रैल को होने वाली बड़ी जनसभा और रोजगार मेले को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सर्कुलर रोड स्थित पार्टी कार्यालय पर आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की।
बैठक में जानकारी दी गई कि 13 अप्रैल को नुमाइश ग्राउंड में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी पहली बार एक साथ जनसभा को संबोधित करेंगे। इसे लेकर पार्टी इसे प्रतिष्ठा का मुद्दा मान रही है।
जिला अध्यक्ष संजय राठी ने कहा कि रालोद इस कार्यक्रम में पूरी ताकत के साथ भागीदारी करेगा। इसके लिए गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करने का अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से ट्रैक्टर-ट्रॉली और दूर-दराज से बसों व अन्य साधनों के जरिए लोगों को कार्यक्रम स्थल तक लाने की योजना बनाई गई है।
बैठक के मुख्य अतिथि और क्षेत्रीय अध्यक्ष तरसपाल मलिक ने कहा कि मुजफ्फरनगर रालोद का मजबूत गढ़ है और भाजपा के साथ गठबंधन के बाद पार्टी की ताकत और बढ़ी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस पहले संयुक्त दौरे को ऐतिहासिक बनाया जाए।
वहीं बुढ़ाना विधायक राजपाल बालियान ने संगठन के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां बांटने और तय समय पर सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन के निर्देशों के अनुसार हर जरूरी कार्य किया जाएगा।
बैठक का संचालन पूर्व युवा जिलाध्यक्ष विदित मलिक ने किया। इस दौरान कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें प्रभात तोमर, धर्मवीर बालियान, योगराज सिंह, नूरसलीम राणा, उमादत्त शर्मा, विकास कादियान, डॉ. राजीव बालियान, ओंकार बालियान, कृष्णपाल राठी, वसीम त्यागी समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे।
पार्टी ने साफ संकेत दिया है कि यह कार्यक्रम सिर्फ एक जनसभा नहीं, बल्कि मुजफ्फरनगर में अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने का बड़ा अवसर है, जिसे सफल बनाने के लिए संगठन पूरी गंभीरता से जुटा हुआ है।

