Thursday, October 1, 2026

मुजफ्फरनगर में रेप के दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल।



जनपद मुजफ्फरनगर में पुलिस ने दुष्कर्म के दो आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई मुठभेड़ों के दौरान दोनों को गोली लगने से घायल कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे और कारतूस भी बरामद किए हैं। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार छपार थाना क्षेत्र में 6 वर्षीय मासूम बच्चे के साथ कुकर्म करने के आरोपी सुक्रमपाल को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गोली मारकर घायल कर दिया। पुलिस टीम आरोपी की तलाश में दबिश दे रही थी, इसी दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं।

वहीं दूसरी घटना खतौली थाना क्षेत्र की है, जहां पुलिस ने डेढ़ वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के आरोपी पिंकू उर्फ टिंकू को मुठभेड़ के दौरान गोली मारकर घायल कर दिया। बताया जा रहा है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी क्षेत्र में छिपा हुआ है। जब पुलिस ने उसे घेरने की कोशिश की तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से आरोपी घायल हो गया और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से भी एक तमंचा और चार कारतूस बरामद किए गए हैं।

दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मासूम बच्चों के साथ दरिंदगी करने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और उन्हें कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

इस पूरे मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि दोनों आरोपी गंभीर अपराधों में वांछित थे और पुलिस टीमों द्वारा उनकी तलाश की जा रही थी। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट

Latest news
Related news