Thursday, October 1, 2026

मुजफ्फरनगर में आयकर का बड़ा एक्शन, कई पेपर मिल मालिकों पर एक साथ छापे।


मुजफ्फरनगर में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब आयकर विभाग ने बड़े स्तर पर कार्रवाई करते हुए कई पेपर मिलों और उनसे जुड़े कारोबारियों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू कर दी।

जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 6 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई में सैकड़ों की संख्या में आयकर विभाग के अधिकारी शामिल रहे। टीमें दर्जनों गाड़ियों में सवार होकर अलग-अलग स्थानों पर पहुंचीं और एक साथ छापे की कार्रवाई को अंजाम दिया।

छापेमारी जिन प्रमुख संस्थानों में की गई, उनमें बिंदल डुप्लेक्स लिमिटेड, सिल्वर टोन पेपर मिल समेत आधा दर्जन से अधिक पेपर मिल शामिल हैं। इसके अलावा बिंदल ग्रुप से जुड़े कारोबारियों और उनके करीबियों के ठिकानों को भी जांच के दायरे में लिया गया है।

सूत्रों के अनुसार, टीमों ने बेहद गोपनीय तरीके से ऑपरेशन को अंजाम दिया। कई अधिकारी शादी के स्टिकर लगी गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे ताकि किसी को पहले से भनक न लगे। अचानक हुई इस कार्रवाई से मिल मालिकों और उद्योग से जुड़े लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि यह छापेमारी टैक्स चोरी और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामलों की जांच के तहत की जा रही है। अधिकारियों द्वारा दस्तावेजों, लेन-देन के रिकॉर्ड और अन्य अहम सबूतों की गहन जांच की जा रही है।

फिलहाल आयकर विभाग की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन शुरुआती जानकारी के मुताबिक यह कार्रवाई काफी बड़े स्तर पर की जा रही है और आने वाले समय में इससे जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

यह छापेमारी मुजफ्फरनगर के उद्योग जगत के लिए एक बड़ा संकेत मानी जा रही है, जिससे अन्य कारोबारियों में भी सतर्कता बढ़ गई है।

Latest news
Related news