Friday, October 2, 2026

मुजफ्फरनगर: 16 जून को रेल रोको आंदोलन का आह्वान, 35 मांगों को लेकर रेलवे ट्रैक पर होगी पंचायत। 


मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन (तोमर) ने किसानों की विभिन्न समस्याओं और 35 सूत्रीय मांगों को लेकर 16 जून को रेल रोको आंदोलन का आह्वान किया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों का समाधान नहीं हुआ तो 4 जुलाई को प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।
कस्बा पुरकाजी क्षेत्र के गांव बुच्चा बस्ती में आयोजित भाकियू (तोमर) की पंचायत में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर का ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और ट्रैक्टरों के लंबे काफिले के साथ स्वागत किया गया। पंचायत में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया।
पंचायत को संबोधित करते हुए चौधरी संजीव तोमर ने किसानों से 16 जून को होने वाले रेल रोको आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। किसानों ने भी हाथ उठाकर आंदोलन को समर्थन देने का संकल्प लिया।
उन्होंने बताया कि 35 मांगों का ज्ञापन प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम सौंपा जाएगा। प्रमुख मांगों में गन्ने का मूल्य 500 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करना, किसानों का बकाया भुगतान शीघ्र कराना, जनपद को नशा एवं अवैध खनन मुक्त बनाना, किसानों के लिए एमएसपी गारंटी कानून लागू करना तथा बिजली, खाद, यूरिया और डीजल पर 50 प्रतिशत सब्सिडी देना शामिल है।
इसके अलावा नहरों में पर्याप्त पानी छोड़े जाने की मांग भी की गई ताकि किसानों को सिंचाई में सुविधा मिल सके। संगठन ने केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित ट्रेड बिल पर भी रोक लगाने की मांग उठाई।
चौधरी संजीव तोमर ने कहा कि यदि 16 जून तक मांगों का समाधान नहीं हुआ तो 4 जुलाई को प्रदेशव्यापी रेल रोको आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन और प्रदेश सरकार की होगी।
पंचायत के दौरान चौधरी संजीव तोमर ने अरुण कश्यप को पुरकाजी युवा ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया। कार्यक्रम का संचालन मनीष मास्टर ने किया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष निखिल चौधरी, पवन त्यागी, सोनू चौधरी, रिहान तोमर, अजय त्यागी, हीरा बालियान, सुमित उपाध्याय, रघुनाथ कश्यप, आबिद, इरशाद, शमशाद, विशाल, हरेंद्र, सोनू गुर्जर, शानू, शिराजू सहित अनेक पदाधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे।

Latest news
Related news