मुज़फ्फरनगर। थाना नई मंडी क्षेत्र के गांव मुस्तफाबाद में पैसों के लेनदेन को लेकर एक ही परिवार के बीच मामूली कहासुनी ने देर रात खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है, जब विवाद इतना बढ़ गया कि धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार वाजिद पुत्र अकबर, उसके बेटे समीर और वाजिद की पत्नी ने मिलकर साबिर और उसके बेटे पर हमला कर दिया। हमले में साबिर और उसका 22 वर्षीय पुत्र शावेज गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों किसी तरह जान बचाकर थाना नई मंडी पहुंचे, जहां पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने शावेज की हालत बेहद गंभीर देखते हुए उसे तुरंत हायर सेंटर मेरठ रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि उसकी आंख पर धारदार हथियार से वार किया गया है, जिससे उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
घायल साबिर ने बताया कि उसके बेटे और भतीजे के बीच पहले से पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। कई बार समझाने के बावजूद विवाद खत्म नहीं हुआ। आरोप है कि घटना वाली रात वाजिद और समीर पहले से ही हमला करने की नीयत से बैठे थे और उन्होंने गाली-गलौज के बाद अचानक धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
साबिर ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। वहीं इस मामले में सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और दोषियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

