Friday, October 2, 2026

भाटी पर FIR दर्ज, गिरफ्तारी की तैयारी तेज!



उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी के खिलाफ विवादित बयान को लेकर बड़ा एक्शन हुआ है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने जाट महासभा की शिकायत पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले को लेकर अब मुजफ्फरनगर पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है और पूरे प्रकरण को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि 14 मई को दिल्ली में आयोजित जाट महासभा के एक कार्यक्रम के दौरान राजकुमार भाटी ने महिलाओं को लेकर जातिगत टिप्पणी की थी। बयान सामने आने के बाद जाट समाज में भारी नाराजगी फैल गई थी। इस मामले को लेकर सोमवार को जाट महासभा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता एसएसपी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा को लिखित शिकायत पत्र सौंपते हुए सपा नेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की थी।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि राजकुमार भाटी द्वारा दिया गया बयान महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला है और समाज में जातिगत वैमनस्य फैलाने का काम करता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तुरंत जांच शुरू कराई। जांच सीओ सिटी स्तर से कराई गई, जिसमें प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए।

इसके बाद थाना सिविल लाइन पुलिस ने राजकुमार भाटी के खिलाफ बीएनएस की धारा 196 और 356 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस पूरे मामले पर एसएसपी मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि जयवीर सिंह की ओर से थाना सिविल लाइन में तहरीर दी गई थी। शिकायत में आरोप था कि राजकुमार भाटी ने कुछ जातियों और वर्गों की महिलाओं के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी की है। जांच के दौरान तथ्य सही पाए जाने पर अभियोग पंजीकृत किया गया है और मामले की तफ्तीश नियमानुसार जारी है।

राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर यह मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। जाट समाज के लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है और कई संगठनों ने आरोपी नेता की गिरफ्तारी की मांग तेज कर दी है। वहीं पुलिस प्रशासन भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।

Latest news
Related news