मुरादाबाद:
मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक युवक ने अपनी सगी बहन की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी, जबकि अपनी मां पर भी जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में टीमें लगा दी गई हैं।
घटना मझोला थाना क्षेत्र के बुद्धि विहार स्थित गणेश पार्क, आर्यन इंटरनेशनल स्कूल के पास की है। यहां रहने वाली 25 वर्षीय हिमिशिका की उसके भाई हार्दिक ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। इस हमले में उनकी मां नीलिमा भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल नीलिमा को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि हार्दिक गुरुग्राम की एक आईटी कंपनी में काम करता है और होली के मौके पर घर आया हुआ था। वहीं उसकी बहन हिमिशिका भी गुरुग्राम में एक निजी कंपनी में नौकरी करती थी और वह भी होली की छुट्टियों में घर आई हुई थी।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे हार्दिक अपनी मां नीलिमा की फैक्ट्री पहुंचा, जहां वह काम करती हैं। वह मां को कार से घर लेकर आया। जैसे ही नीलिमा घर के अंदर पहुंचीं, हार्दिक ने अचानक चाकू से उन पर हमला कर दिया। इसी दौरान घर में मौजूद बहन हिमिशिका पर भी उसने ताबड़तोड़ चाकू से वार कर दिए।
हमले के बाद मां नीलिमा ने अपनी बेटी हिमिशिका को घर के अंदर फर्श पर लहूलुहान हालत में पड़ा देखा। उसके शरीर पर कई जगह चाकू के गहरे घाव थे। मां की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। भीड़ जुटती देख आरोपी हार्दिक कार लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मां-बेटी को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने हिमिशिका को मृत घोषित कर दिया, जबकि मां नीलिमा का इलाज जारी है।
एसपी सिटी कुंवर रण विजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में भाई-बहन के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी के बाद घटना होने की बात सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आरोपी हार्दिक फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई कार की भी तलाश की जा रही है।

