मेरठ। हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के गणेशपुर गांव में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां 17 वर्षीय भतीजे ने अपनी सगी चाची की बेडरूम में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी ने तमंचा चाची की कनपटी से सटाकर गोली चलाई और मौके से फरार हो गया। घटना के कुछ ही देर बाद वह खुद मवाना थाने पहुंचा और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। आरोपी का कहना है कि चाची आए दिन उससे झगड़ा करती थी, जिससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 9:20 बजे परिवार के लोग अपने-अपने कामों में व्यस्त थे। तभी अचानक घर के अंदर से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर परिजन दौड़कर कमरे की ओर पहुंचे तो देखा कि पूजा त्यागी (32) बेडरूम के फर्श पर गंभीर रूप से घायल हालत में पड़ी थीं। उनके सिर से खून बह रहा था और वह तड़प रही थीं। इसी दौरान परिजनों ने 17 वर्षीय भतीजे को हाथ में तमंचा लेकर घर से भागते हुए भी देखा।
परिजन तुरंत पूजा को संभालने की कोशिश करने लगे, लेकिन थोड़ी ही देर में उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही हस्तिनापुर थाना पुलिस और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि पूजा त्यागी की शादी करीब चार साल पहले मोदीनगर निवासी धर्मेंद्र त्यागी से हुई थी। उनका छह महीने का एक मासूम बेटा भी है। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया। पति धर्मेंद्र त्यागी अपनी पत्नी का शव देखकर बेसुध हो गए और रोते हुए कहते रहे कि एक हंसते-खेलते परिवार को भतीजे ने उजाड़ कर रख दिया। मासूम बच्चे को अभी यह भी नहीं पता कि उसकी मां अब इस दुनिया में नहीं रही।
परिवार के बारे में बताया गया कि घर में पूजा के ससुर राजकुमार त्यागी (65) अपने दोनों बेटों देवेंद्र और धर्मेंद्र के परिवार के साथ रहते हैं। धर्मेंद्र खेती-बाड़ी करते हैं, जबकि बड़े भाई देवेंद्र सेना में तैनात हैं। बताया गया कि देवेंद्र दो दिन पहले ही छुट्टी बिताकर वापस अपनी ड्यूटी पर गए थे। देवेंद्र के दो बेटे हैं, जिनमें बड़ा बेटा हिमांशु है और छोटा बेटा वही है जिसने अपनी चाची की हत्या की है।
घटना के बाद आरोपी भतीजा सीधे मवाना थाने पहुंचा और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। सीओ मवाना पंकज लवानिया के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसकी चाची से अक्सर कहासुनी और झगड़ा होता रहता था। इसी बात को लेकर उसके मन में गुस्सा था और गुरुवार सुबह उसने तमंचे से गोली मार दी।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि आरोपी को तमंचा कहां से मिला और घटना के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं है। गांव में इस घटना के बाद गहरा सदमा और सन्नाटा पसरा हुआ है।

