मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में जानसठ कोतवाली पुलिस ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए सोमवार देर रात मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से चोरी के 4 लाख 17 हजार 500 रुपये, चोरी में प्रयुक्त बाइक, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, 10 जून की रात जानसठ थाना क्षेत्र के तिसंग गांव स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में दीवार तोड़कर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस लगातार जांच में जुटी थी। सोमवार देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी करने वाला आरोपी चुराए गए रुपये ठिकाने लगाने के लिए आने वाला है। सूचना के आधार पर जानसठ पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।
इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नीरज बताया और स्वीकार किया कि उसी ने 10 जून की रात बैंक की दीवार तोड़कर चोरी की थी। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उस पर काफी कर्ज था, जिसके कारण उसने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आरोपी का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4 लाख 17 हजार 500 रुपये की नकदी, चोरी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल, एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा एक खोखा कारतूस बरामद किया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जानसठ भेजा गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी (सीओ) जानसठ ऋषिका सिंह ने बताया कि तिसंग गांव स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में कुछ दिन पहले हुई चोरी के मामले में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही उसने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। पूछताछ में उसने बैंक चोरी की घटना स्वीकार कर ली है। आरोपी से चोरी की नकदी, हथियार और अन्य सामान बरामद कर लिया गया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

