Thursday, October 1, 2026

बेकाबू कार ने छीनी ज़िंदगी: नारियल पानी बेच रहे युवक की दर्दनाक मौत।

मुज़फ्फरनगर के थाना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सरकुलर रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार सड़क किनारे लगे नारियल पानी के ठेले में जा घुसी, जिससे ठेले पर खड़े युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, रिजवान नाम का युवक रोज की तरह सरकुलर रोड स्थित रिजवा मैदान के बाहर नारियल पानी का ठेला लगाकर अपना और अपने परिवार का गुजारा करता था। मंगलवार को भी वह अपने ठेले पर ग्राहकों को नारियल पानी दे रहा था। इसी दौरान अचानक तेज रफ्तार से आ रही एक कार अनियंत्रित हो गई और सीधे उसके ठेले में जा टकराई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि ठेला पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और रिजवान गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए।

यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि किस तरह तेज रफ्तार कार अचानक नियंत्रण खो बैठती है और सीधे ठेले में जा घुसती है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

बताया जा रहा है कि मृतक रिजवान मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। इस दर्दनाक हादसे के बाद उसके परिवार में मातम पसरा हुआ है और इलाके में भी गहरा दुख और आक्रोश देखने को मिल रहा है।

फिलहाल पुलिस कार चालक की पहचान और हादसे के कारणों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Latest news
Related news