मुजफ्फरनगर के थाना शाहपुर क्षेत्र के गांव मन्धेड़ा से एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति पर आरोप है कि वह खुद को विकास प्राधिकरण का अधिकारी बताकर गरीब और मजदूर वर्ग के लोगों को डराता-धमकाता था और उनसे अवैध रूप से पैसे वसूलता था।
पीड़ित ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी मित्रसैन उर्फ मित्ता काफी समय से बस्ती के लोगों को निशाना बना रहा था। वह लोगों को यह कहकर डराता था कि उनकी झोपड़ियों और टीन शेड पर बुलडोजर चलवा दिया जाएगा। इसी डर का फायदा उठाकर उसने कई लोगों से हजारों रुपये वसूल लिए।
मामला 10 मार्च 2026 को और गंभीर हो गया, जब आरोपी पप्पू कश्यप के घर पहुंचा और एक लाख रुपये की मांग की। जब पीड़ित ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई, तो आरोपी ने घर में घुसकर गाली-गलौज की और धक्का-मुक्की भी की। इतना ही नहीं, उसने धमकी दी कि पैसे नहीं देने पर घर गिरवा देगा और झूठे मुकदमों में फंसा कर जेल भिजवा देगा।
इस दौरान आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और विरोध करने लगे, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना से डरे और परेशान ग्रामीण सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय पहुंचे और न्याय की गुहार लगाई। उनका कहना है कि आरोपी का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है और वह लंबे समय से अपनी दबंगई के बल पर लोगों का मानसिक शोषण कर रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, उससे वसूली गई रकम वापस दिलाई जाए और क्षेत्र में ऐसे फर्जी अधिकारियों पर रोक लगाई जाए।
पुलिस अधिकारियों ने पीड़ितों को आश्वासन दिया है कि मामले की जांच शाहपुर पुलिस को सौंप दी गई है। जांच में दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी हाल में उसे बख्शा नहीं जाएगा।

