मुजफ्फरनगर जनपद के बुढ़ाना कस्बे में शुक्रवार को उस समय लोगों की भीड़ जुट गई जब मशहूर फिल्म अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी अपनी खरीदी हुई कृषि भूमि की रजिस्ट्री कराने के लिए तहसील बुढ़ाना पहुंचे। बताया जा रहा है कि अभिनेता ने करीब 56 बीघा कृषि भूमि खरीदी है जिसकी कीमत लगभग 10 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
जानकारी के अनुसार नवाजुद्दीन सिद्दीकी इन दिनों अपने पैतृक गांव में परिवार के साथ समय बिताने के लिए आए हुए हैं। इसी दौरान उन्होंने पहले से खरीदी गई जमीन की औपचारिक रजिस्ट्री शुक्रवार को तहसील बुढ़ाना पहुंचकर कराई। बताया गया कि जमीन कुछ समय पहले ही खरीद ली गई थी, लेकिन व्यस्त कार्यक्रम के चलते रजिस्ट्री नहीं हो पाई थी।
जैसे ही अभिनेता के तहसील पहुंचने की खबर फैली, उनके पुराने दोस्त, चाहने वाले और प्रशंसकों की बड़ी संख्या वहां पहुंच गई। लोगों ने उनसे मुलाकात की और तस्वीरें भी खिंचवाईं।
मीडिया से बातचीत में नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि गांव आकर उन्हें हमेशा खास सुकून मिलता है। उन्होंने बताया कि बचपन के कई दोस्त अब बड़े हो गए हैं, इसलिए उन्हें पहचानने में कभी-कभी थोड़ी दिक्कत होती है, लेकिन जब पहचान हो जाती है तो उनसे मिलकर बहुत खुशी मिलती है।
अभिनेता ने अपनी फिल्मों को लेकर भी जानकारी दी और कहा कि आने वाले समय में उनकी चार से पांच फिल्में रिलीज होने वाली हैं, हालांकि उनकी रिलीज की तारीख अभी तय नहीं है।
सूत्रों के अनुसार नवाजुद्दीन सिद्दीकी पिछले करीब तीन दिनों से अपने पैतृक गांव में परिवार के बीच रह रहे हैं और संभव है कि वह आज रात या शनिवार सुबह मुंबई के लिए रवाना हो जाएं।
वहीं बुढ़ाना तहसील के सब रजिस्ट्रार पंकज कुमार जैन ने बताया कि अभिनेता द्वारा करीब 56 बीघा कृषि भूमि की रजिस्ट्री कराई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 10 करोड़ रुपये है। यह भूमि बुढ़ाना बांगर क्षेत्र में स्थित बताई जा रही है।

