Thursday, October 1, 2026

बिजली और पेंशन के बड़े वादे, सियासत गरम।




उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर बड़े चुनावी वादों को लेकर हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा जनता को लुभाने के लिए बड़े ऐलान किए जाने की चर्चा सामने आ रही है। वायरल हो रहे प्रचार सामग्री में दावा किया जा रहा है कि अगर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो लोगों को हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जाएगी और महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये की पेंशन दी जाएगी।

इन वादों ने राजनीतिक माहौल को गर्म कर दिया है। एक तरफ जहां समर्थक इसे आम जनता, खासकर गरीब और मध्यम वर्ग के लिए बड़ी राहत बता रहे हैं, वहीं विपक्षी दल इन घोषणाओं को चुनावी “लुभावन वादा” करार दे रहे हैं। उनका कहना है कि इतनी बड़ी योजनाओं को लागू करना आर्थिक रूप से कितना संभव है, इस पर स्पष्ट योजना सामने आनी चाहिए।

विशेषज्ञों का मानना है कि मुफ्त बिजली और पेंशन जैसी योजनाएं सीधे तौर पर राज्य के बजट पर बड़ा असर डालती हैं। यदि 300 यूनिट मुफ्त बिजली लागू होती है तो बिजली विभाग पर भारी सब्सिडी का बोझ बढ़ सकता है। इसी तरह महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये की पेंशन देने के लिए सरकार को हजारों करोड़ रुपये की अतिरिक्त व्यवस्था करनी होगी।

ग्राउंड स्तर पर जनता की राय भी बंटी हुई दिखाई दे रही है। कुछ लोग इसे राहत और विकास की दिशा में बड़ा कदम मान रहे हैं, जबकि कई लोग इसे केवल चुनावी घोषणा मानकर इसकी व्यवहारिकता पर सवाल उठा रहे हैं।

फिलहाल, यह साफ है कि ऐसे बड़े वादों ने चुनावी माहौल को और ज्यादा दिलचस्प बना दिया है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि ये घोषणाएं केवल प्रचार तक सीमित रहती हैं या इन्हें लागू करने के लिए कोई ठोस रोडमैप भी सामने आता है।

Latest news
Related news