उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में लगातार हो रही बेमौसम बारिश अब लोगों के लिए खतरा बनती जा रही है। जहां एक ओर किसान फसलों के नुकसान से परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर सड़कों की हालत भी बेहद खराब हो गई है। ताजा मामला चरथावल ब्लॉक के शामली-सहारनपुर मार्ग का है, जहां मंगलवार देर रात बारिश के चलते सड़क अचानक धंस गई और बीच सड़क पर करीब 8 फीट लंबा और 3 फीट गहरा गड्ढा बन गया।
गनीमत यह रही कि जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त वहां से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। यह मार्ग काफी व्यस्त रहता है और रात के समय इस तरह का गड्ढा किसी भी गंभीर दुर्घटना को न्योता दे सकता था।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत सिंचाई विभाग को सूचना दी। इसके बाद विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और जेसीबी मशीन की मदद से गड्ढे को भरने का काम शुरू कर दिया। सिंचाई विभाग के जेई प्रवीण कुमार के अनुसार, सड़क के दोनों ओर गहराई में खेत होने के कारण बारिश के दौरान मिट्टी खिसक जाती है, जिससे इस तरह की समस्या बार-बार सामने आती है। उन्होंने यह भी बताया कि करीब एक साल पहले भी इसी स्थान पर इसी तरह सड़क धंसने की घटना हो चुकी है।
स्थानीय निवासी अंकुर राणा ने इस घटना को विभागीय लापरवाही का नतीजा बताया। उनका कहना है कि क्षेत्र में पिछले कई दिनों से बारिश हो रही है, लेकिन सिंचाई विभाग ने समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया। पहले भी इसी सड़क पर गड्ढा हो चुका है, जिसे केवल अस्थायी रूप से ठीक कर दिया गया था।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की हालत जगह-जगह खराब है और दरारें साफ दिखाई दे रही हैं। किसान पहले ही बारिश से फसलों के नुकसान से जूझ रहे हैं, अब खराब सड़कों के कारण उनकी परेशानी और बढ़ गई है। लोगों ने मांग की है कि सड़क का केवल पैचवर्क न किया जाए, बल्कि उसका पूरी तरह से पुनर्निर्माण कराया जाए और जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके। फिलहाल विभाग द्वारा मरम्मत कार्य जारी है, लेकिन लोगों में डर और नाराजगी दोनों बनी हुई है।

