Thursday, October 1, 2026

बहन की विदाई का ग़म नहीं सह पाया भाई, फांसी लगाकर दी जान।




संभल जनपद के थाना रायसत्ती क्षेत्र से एक बेहद मार्मिक और दुखद मामला सामने आया है। मोहल्ला जगत निवासी मुकीम खान उर्फ चांद के बेटे हमजा ने अपनी लाडली बहन की शादी के बाद हुई विदाई का ग़म बर्दाश्त न कर पाने पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात मुकीम खान की बेटी शाजिया का निकाह एक बैंक्विट हॉल में संपन्न हुआ। निकाह और विदाई की रस्मों के दौरान हमजा भी कार्यक्रम में मौजूद था और कामकाज में हाथ बंटा रहा था। विदाई के बाद हमजा अपनी मां शकीला से घर की चाबी लेकर घर चला गया। परिजनों को लगा कि वह आसपास ही होगा, लेकिन कुछ समय बाद मोहल्ले के लोगों से सूचना मिली कि हमजा ने घर में फांसी लगा ली है।

सूचना मिलते ही पंजू सराय पुलिस चौकी और थाना रायसत्ती पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी निशांत कुमार राठी ने परिजनों और आसपास के लोगों से जानकारी ली। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

परिजनों के मुताबिक, हमजा अपनी बहन शाजिया से बेहद लगाव रखता था। परिवार ने बताया कि वह मानसिक रूप से भी थोड़ा कमजोर था और बहन की शादी के बाद उसकी जुदाई को दिल से स्वीकार नहीं कर पाया। बहन के दूर चले जाने की चिंता उसके मन में गहराई तक बैठ गई, जिससे वह टूट गया और यह कदम उठा लिया।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Latest news
Related news