मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में शुक्रवार शाम एक सनसनीखेज हत्या से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की जिगर कॉलोनी में मशहूर अलवीना बेकरी के मालिक हाजी मोहम्मद असद की उनके ही साले जफर ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। शुरुआती जांच में हत्या की वजह प्रॉपर्टी विवाद सामने आई है।
घटना शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार हाजी मोहम्मद असद ईशा की नमाज पढ़ने के लिए अपने घर से बाहर निकले थे। तभी पीछे से आए उनके साले जफर ने तमंचे से उन पर गोली चला दी। गोली असद के सिर में लगी और वह मौके पर ही गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
आसपास के लोगों और परिजनों ने गंभीर हालत में असद को जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी जफर पिछले कुछ दिनों से 10 से 20 लाख रुपये की मांग कर रहा था। रकम नहीं मिलने पर उसने इस वारदात को अंजाम दिया। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं।
मुरादाबाद के एसपी सिटी कुंवर रणविजय सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी प्रॉपर्टी विवाद का लग रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इस घटना ने शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

