उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां प्राइवेसी की उम्मीद लेकर रेस्टोरेंट पहुंचे प्रेमी जोड़े चोरी-छिपे निगरानी और रिकॉर्डिंग का शिकार हो गए। जिस जगह को निजी पल बिताने के लिए सुरक्षित समझा जा रहा था, वही केबिन उनकी निजता पर सबसे बड़ा हमला साबित हुआ।
बताया जा रहा है कि शहर के एक रेस्टोरेंट में आने वाले कपल्स को अतिरिक्त पैसे लेकर एक “प्राइवेट केबिन” उपलब्ध कराया जाता था। यह केबिन रेस्टोरेंट के भीतर सीढ़ियों के पास बने एक छोटे कमरे में था, जहां सोफा लगाकर ऐसा माहौल तैयार किया गया था कि अंदर बैठने वालों को पूरी तरह अकेले होने का एहसास हो। लेकिन हकीकत इससे बिल्कुल उलट थी।
बैनर में छेद, मोबाइल से रिकॉर्डिंग
रेस्टोरेंट में काम करने वाला कर्मचारी सतेंद्र केबिन के बाहर लगे बैनर में छोटा सा छेद कर अंदर बैठे कपल्स की गतिविधियों को अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड करता था। यह सिलसिला काफी समय से चल रहा था, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।
4 फरवरी को एक कपल को कर्मचारी की संदिग्ध हरकतों पर शक हुआ। शक गहराने पर उन्होंने अपने एक जानकार को मौके पर बुलाया और सतेंद्र का मोबाइल फोन चेक कराया। फोन देखते ही सभी हैरान रह गए। उस एक मोबाइल में अलग-अलग करीब 200 से ज्यादा कपल्स के निजी वीडियो मौजूद थे।
हंगामा, फिर फरार हुआ आरोपी
जैसे ही यह बात सामने आई, रेस्टोरेंट में अफरा-तफरी मच गई। लोगों के विरोध और हंगामे के बीच आरोपी कर्मचारी मोबाइल फोन लेकर मौके से फरार हो गया। इसके तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्टोरेंट को तत्काल बंद करा दिया गया। पुलिस ने वहां लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी अपने कब्जे में ले ली, ताकि पूरे मामले की जांच की जा सके।
महिला संचालक का बयान, जांच जारी
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि रेस्टोरेंट का संचालन एक महिला द्वारा किया जा रहा है। उनका कहना है कि वह दिनभर कोर्ट में रहती हैं और उन्हें कर्मचारियों की इस तरह की गतिविधियों की कोई जानकारी नहीं थी।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी कर्मचारी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि रिकॉर्ड किए गए वीडियो का इस्तेमाल कहीं ब्लैकमेलिंग के लिए या किसी अश्लील वेबसाइट पर अपलोड करने के मकसद से तो नहीं किया जा रहा था।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

