Wednesday, October 7, 2026

प्रशासन के आश्वासन पर टला रेल रोको आंदोलन, 4 जुलाई की  बरकरार।







मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन (तौमर) का पूर्व घोषित रेल रोको आंदोलन फिलहाल प्रशासन के साथ हुई वार्ता के बाद टाल दिया गया है। हालांकि संगठन ने साफ चेतावनी दी है कि यदि उनकी बाकी मांगों का तय समय में समाधान नहीं हुआ तो 4 जुलाई को पूरे प्रदेश में बड़े स्तर पर रेल रोको आंदोलन किया जाएगा।

आंदोलन की घोषणा को देखते हुए मंगलवार को प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए मौके पर एसडीएम सदर, सीओ सदर, सीओ नई मंडी, छपार थाना प्रभारी समेत भारी पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों ने भाकियू (तौमर) के पदाधिकारियों के साथ वार्ता की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।

वार्ता के दौरान भारतीय किसान यूनियन (तौमर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर के नेतृत्व में संगठन ने किसानों की विभिन्न समस्याओं से जुड़ा 35 सूत्रीय मांग पत्र सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर को सौंपा। संगठन का कहना है कि इन मांगों में किसानों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल हैं, जिनका लंबे समय से समाधान नहीं हो सका है।

चौधरी संजीव तोमर ने बताया कि प्रशासन ने वार्ता के दौरान 35 में से 8 से 9 मांगों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया, जबकि बाकी मांगों पर जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया गया है। इसी आश्वासन के बाद फिलहाल रेल रोको आंदोलन स्थगित कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि संगठन प्रशासन के आश्वासन पर नजर बनाए हुए है। यदि शेष मांगों का समयबद्ध समाधान नहीं हुआ तो 4 जुलाई को प्रदेशव्यापी रेल रोको आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

वहीं, सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन (तौमर) के पदाधिकारियों की सभी मांगों को गंभीरता से सुना गया है। 35 सूत्रीय मांग पत्र प्राप्त कर लिया गया है। कई समस्याओं का तत्काल समाधान कराया गया है, जबकि शेष मांगों को संबंधित विभागों को भेजकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।

प्रशासन और किसान संगठन के बीच हुई इस वार्ता से फिलहाल टकराव टल गया है, लेकिन किसानों की बाकी मांगों पर प्रशासन की कार्रवाई अब निर्णायक मानी जा रही है। यदि समय रहते समाधान नहीं हुआ तो जुलाई की शुरुआत में प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन देखने को मिल सकता है।

Latest news
Related news