Friday, October 2, 2026

प्रतिबंधित प्लास्टिक पर सख्त कार्रवाई, बाजार में हड़कंप।



मुज़फ्फरनगर। प्रतिबंधित पॉलीथिन और सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ नगर पालिका परिषद और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम का अभियान दूसरे दिन भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहा। नई मंडी क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान अधिकारियों ने कई दुकानों पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलीथिन, प्लास्टिक के डिस्पोजल गिलास, प्लेट, कैरी बैग तथा अन्य प्रतिबंधित सामग्री बरामद कर जब्त की। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कई दुकानदारों पर दो-दो हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।

अभियान के दौरान बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कार्रवाई की सूचना मिलते ही कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं, जबकि कुछ व्यापारी मौके पर पहुंचकर नगर पालिका की कार्रवाई का विरोध करने लगे। इस दौरान व्यापारियों और पालिका अधिकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई, जिससे कुछ समय के लिए हंगामे जैसी स्थिति बन गई।

व्यापारियों ने आरोप लगाया कि प्रशासन केवल छोटे दुकानदारों पर कार्रवाई कर रहा है, जबकि प्रतिबंधित प्लास्टिक और पॉलीथिन का निर्माण करने वाली फैक्ट्रियों के खिलाफ अपेक्षित स्तर पर कार्रवाई नहीं हो रही। व्यापारियों का कहना था कि यदि वास्तव में प्रतिबंधित प्लास्टिक पर रोक लगानी है तो सबसे पहले उसके निर्माण और आपूर्ति करने वाले स्रोतों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उनका तर्क था कि बाजार में उपलब्ध सामग्री दुकानदार स्वयं तैयार नहीं करते, बल्कि यह सप्लाई के माध्यम से उनके पास पहुंचती है।

वहीं नगर पालिका और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान शासन के निर्देशों के तहत चलाया जा रहा है और इसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को पूरी तरह समाप्त करना है। अधिकारियों ने कहा कि प्रतिबंधित प्लास्टिक पर्यावरण, जल स्रोतों और मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है, इसलिए इसके खिलाफ किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय शाही ने बताया कि प्रतिबंधित पॉलीथिन और सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि लोगों को पहले भी जागरूक किया गया है और अब नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे पर्यावरण हित में प्रतिबंधित सामग्री का उपयोग और बिक्री बंद करें तथा उसके स्थान पर वैकल्पिक और पर्यावरण अनुकूल उत्पादों को अपनाएं।

अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में अभियान को और तेज किया जाएगा। बाजारों, गोदामों और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर नियमित जांच होगी तथा प्रतिबंधित सामग्री मिलने पर जब्ती और जुर्माने की कार्रवाई जारी रहेगी। नगर पालिका की इस सख्त कार्रवाई के बाद पूरे बाजार क्षेत्र में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा और व्यापारियों के बीच भविष्य की कार्रवाई को लेकर चिंता दिखाई दी।

Latest news
Related news