“
मुजफ्फरनगर: ‘डॉन’ बनने का दावा करने वाले शातिर अपराधी का गुरूर टूटा, शाहपुर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोचा
मुजफ्फरनगर। खुद को कानून से ऊपर समझने वाला और अपने परिचितों के बीच अक्सर यह दावा करने वाला कि “पुलिस मुझे कभी नहीं पकड़ सकती”, आखिरकार शाहपुर पुलिस की गिरफ्त में आ गया। वाहन चोरी और अन्य गंभीर अपराधों में वांछित 15 हजार रुपये का इनामी बदमाश तैय्यब उर्फ छोटू को सोमवार देर रात पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में अस्पताल भेजा गया और फिर कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी दिल्ली के न्यू सीलमपुर का रहने वाला है और लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बचता आ रहा था। वह लगातार अपने ठिकाने बदलता रहता था, जिससे उसकी सटीक लोकेशन का पता लगाना चुनौती बना हुआ था। पुलिस के अनुसार वह हर दो से तीन महीने में नया ठिकाना बना लेता था और इसी वजह से कई बार पुलिस को चकमा देने में सफल रहा।
एसएसपी ने बताया कि आरोपी अपने परिवार और दोस्तों के बीच खुद की तुलना फिल्मों के “डॉन” से करते हुए अक्सर यह कहता था कि पुलिस उसे कभी गिरफ्तार नहीं कर सकती। हालांकि शाहपुर पुलिस उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए थी और मुखबिर तंत्र के जरिए उसकी सटीक जानकारी जुटाई जा रही थी।
सोमवार देर रात शाहपुर थाना पुलिस क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसने रुकने के बजाय भागने की कोशिश की। पीछा करने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली उसके पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस ने बरामद हथियार और वाहन को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक तैय्यब उर्फ छोटू पर दिल्ली, गाजियाबाद, बिजनौर, हापुड़ और मुजफ्फरनगर सहित कई जिलों में वाहन चोरी, अवैध हथियार रखने और अन्य गंभीर धाराओं में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह बुढ़ाना थाने में दर्ज एक मामले में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने कहा कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस पूरी सतर्कता के साथ कार्रवाई कर रही है और अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पुलिस का कहना है कि लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने वाला यह शातिर अपराधी आखिरकार कानून के शिकंजे से नहीं बच सका। मुठभेड़ के बाद उसकी गिरफ्तारी को पुलिस अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता मान रही है।

