खबर पश्चिमी यूपी के जनपद मुजफ्फरनगर से है।
जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र में पुलिस ने भैंस चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए पशु चोर गिरोह पर करारा प्रहार किया है। देर रात हुई पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हुआ, जबकि उसके दो साथी गिरफ्तार कर लिए गए। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और अपराधियों में पुलिस का डर साफ नजर आया।
एसएसपी संजय वर्मा के निर्देशन और सीओ सदर डॉ. रविशंकर के पर्यवेक्षण में थाना चरथावल पुलिस ने विशेष कॉम्बिंग अभियान चलाया। थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यनारायण दहिया के नेतृत्व में दधेडू चौकी प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह और उनकी टीम ने ग्राम सैद नगला में हुई भैंस चोरी की घटना का कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया।
पुलिस के अनुसार, रात्रि अभियान के दौरान पशु चोरों से आमना-सामना हुआ। बदमाशों की ओर से फायरिंग किए जाने पर पुलिस ने आत्मरक्षात्मक कार्रवाई की, जिसमें अभियुक्त इनाम पुत्र शरीफ, निवासी ग्राम सिंधावली, थाना मंसूरपुर, घायल हो गया। घायल आरोपी को उपचार के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
इस मामले में पुलिस ने दो अन्य आरोपियों — शाहनूर पुत्र रज्जाउल्ला, निवासी चूड़ियाला, थाना मीरापुर, तथा हाल निवासी न्याजूपुरा, थाना कोतवाली नगर — को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से पशु चोरी जैसे अपराधों पर बड़ा संदेश गया है। चरथावल पुलिस की सक्रियता और साहसिक कार्रवाई से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है और आगे और खुलासे की संभावना जताई जा रही है।
जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट

