Thursday, October 1, 2026

पीसीएस में सफलता से जनपद का गौरव, मंत्री ने मेधावियों को किया सम्मानित।

मुज़फ्फरनगर: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (पीसीएस) परीक्षा में सफलता प्राप्त कर जनपद का नाम रोशन करने वाले मेधावी प्रतिभाओं को आज प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार मंत्री एवं नगर विधायक कपिल देव अग्रवाल द्वारा सम्मानित किया गया।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने सुबह बसंत विहार क्षेत्र स्थित आकाश कुमार पाल के आवास पर पहुँचकर उन्हें पीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण करने पर मिठाई खिलाकर और पटका पहनाकर सम्मानित किया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। इसके बाद वे ए-टू-ज़ेड कॉलोनी निवासी श्री पवन त्यागी की सुपुत्री कु. आंचल त्यागी के घर पहुंचे और उन्हें डिप्टी जेलर पद पर चयनित होने पर हार्दिक बधाई दी।

इस अवसर पर दोनों सफल अभ्यर्थियों के परिजनों के चेहरे गर्व और प्रसन्नता से चमक उठे। पूरे क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि पीसीएस जैसी प्रतिष्ठित और अत्यंत प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षा में सफलता कठिन परिश्रम, अनुशासन, धैर्य और दृढ़ संकल्प का परिणाम होती है। यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि पूरे समाज और जनपद के लिए गर्व का विषय है।

उन्होंने कहा कि आकाश कुमार पाल और कु. आंचल त्यागी जैसे युवा अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा हैं। विशेष रूप से कु. आंचल त्यागी की सफलता नारी सशक्तिकरण का प्रेरणादायक उदाहरण है। मंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे इन सफल प्रतिभाओं से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित करें और उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर परिश्रम करें।

इस अवसर पर भाजपा नेता देशबंधु तोमर, मण्डल अध्यक्ष नन्द किशोर पाल, हरेंद्र पाल, पिंटू त्यागी, बिल्लू पाल सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Latest news
Related news