मुजफ्फरनगर के चरथावल क्षेत्र के बिरालसी गांव में ब्राह्मण समाज की एक महत्वपूर्ण और गंभीर बैठक आयोजित की गई, जिसमें समाज की एकता, भविष्य की दिशा और परशुराम जयंती को लेकर व्यापक रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। यह बैठक विष्णु शर्मा के आवास पर हुई, जहां क्षेत्र के सैकड़ों लोग, बुद्धिजीवी और समाज के प्रमुख व्यक्ति शामिल हुए।
बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ शिक्षक मास्टर सुंदर शर्मा ने की, जबकि संचालन शुक्ला जी ने संभाला। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री मौजूद रहे। उनके साथ भारतीय किसान यूनियन के नेता विकास शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत में सभी अतिथियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। इसके बाद बैठक में समाज से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीर चर्चा हुई, जिनमें सामाजिक एकजुटता, संगठन की मजबूती और आने वाले समय में समाज की भूमिका जैसे विषय प्रमुख रहे।
मुख्य अतिथि अलंकार अग्निहोत्री ने अपने संबोधन में कहा कि समाज को अब पहले से ज्यादा संगठित होने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने की अपील की। साथ ही युवाओं को शिक्षा के महत्व को समझने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि वे लगातार अलग-अलग जिलों में जाकर समाज से संवाद कर रहे हैं और लोगों को जागरूक करने का काम कर रहे हैं।
वहीं विकास शर्मा ने जानकारी दी कि मुजफ्फरनगर में आयोजित होने वाली भगवान परशुराम जयंती को इस बार बड़े स्तर पर मनाने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र से हजारों लोग इसमें शामिल होंगे और सभी से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस आयोजन को सफल बनाएं।
बैठक में कई अन्य प्रमुख लोगों ने भी अपने विचार रखे और एकजुटता को सबसे बड़ी ताकत बताया। इस दौरान हरपाल शर्मा (पूर्व प्रमुख), रवि पुंडीर, मोनी चेयरमैन, संदीप शर्मा (पूर्व प्रधान), सुदामा शर्मा, विष्णु तिवारी और मनोज शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर यह संकल्प लिया कि समाज की एकता को बनाए रखा जाएगा और भविष्य में भी इस तरह की बैठकों का आयोजन लगातार किया जाएगा, ताकि समाज मजबूत और जागरूक बना रहे।

