उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले एक किशोर की गला घोंटकर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना से पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक यह घटना कानपुर के घाटमपुर थानाक्षेत्र के कठेठा गांव की है। मृतक किशोर की पहचान कृष्णा के रूप में हुई है, जो कक्षा नौ का छात्र था। बताया जा रहा है कि कृष्णा घर से खेतों की तरफ गया था, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। जब परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की तो खेतों के पास उसका शव पड़ा मिला।
मौके पर पहुंचने के बाद परिजनों के होश उड़ गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किशोर की हत्या गला घोंटकर की गई है। पुलिस के अनुसार, मृतक की लोअर के नाड़े से ही उसका गला घोंटा गया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और बारीकी से जांच की। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि किशोर की हत्या किसने और क्यों की।
मामले को लेकर डीसीपी साउथ दीपेंद्रनाथ चौधरी ने बताया कि घटना बेहद गंभीर है और पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और परिजनों को आश्वासन दिया गया है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
फिलहाल पुलिस हत्या के कारण और आरोपियों की तलाश में जुटी है। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग इस निर्मम हत्या से स्तब्ध हैं।

