ग़ाज़ियाबाद के साहिबाबाद इलाके में देर रात एक बड़ा हादसा टल गया, जब नाले में गिरकर फंसे एक व्यक्ति को दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना ने इलाके में कुछ देर के लिए हड़कंप मचा दिया।
दमकल विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, फ़ायर स्टेशन वैशाली को रात करीब 12 बजे सूचना मिली कि पुलिस चौकी के पीछे साइट-4 साहिबाबाद स्थित एक नाले में एक व्यक्ति गिर गया है और बाहर नहीं निकल पा रहा है। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन वैशाली से डिजास्टर वैन और रेस्क्यू यूनिट को तुरंत मौके के लिए रवाना किया गया।
दमकल टीम जब घटनास्थल पर पहुंची तो देखा कि एक व्यक्ति नाले के अंदर फंसा हुआ है और खुद बाहर निकलने में असमर्थ है। स्थिति को गंभीर देखते हुए फायर यूनिट ने बिना समय गंवाए तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
रेस्क्यू टीम ने काफी सावधानी और कड़ी मशक्कत के बाद नाले में फंसे व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाहर निकालने के बाद उसकी स्थिति की जांच की गई और उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
रेस्क्यू किए गए व्यक्ति की पहचान परम पटेल के रूप में हुई है। दमकल विभाग की तत्परता और समय पर कार्रवाई के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। अगर थोड़ी भी देर हो जाती तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
स्थानीय लोगों ने भी दमकल विभाग की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।

