उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में दोस्ती को शर्मसार करने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। मंसूरपुर थाना क्षेत्र के बोपारा गांव में मंगलवार को मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां एक युवक ने अपने ही दोस्त की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोपारा गांव निवासी करीब 30 वर्षीय सोनू और 35 वर्षीय दीपक आपस में अच्छे दोस्त थे और दोनों राजमिस्त्री का काम करते थे। मंगलवार को किसी मामूली बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। इसी दौरान गुस्से में आए सोनू ने दीपक पर चाकू से हमला कर दिया।
चाकू के कई वार लगने से दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी सोनू मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल दीपक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।
इस मामले में जानकारी देते हुए सीओ खतौली रामाशीष यादव ने बताया कि थाना मंसूरपुर को सूचना मिली थी कि सोनू नामक व्यक्ति ने अपने मित्र दीपक पर चाकू से हमला किया है। घायल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस द्वारा तहरीर लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और घटना के पीछे के कारणों की गहन जांच की जा रही है।
जनपद मुजफ्फरनगर से सचनामा न्यूज़ के लिए संवाददाता तनवीर मलिक की रिपोर्ट

