मुज़फ्फरनगर। मध्य पूर्व में चल रहे ईरान और इजरायल के बीच तनाव और युद्ध जैसी स्थिति का असर अब भारत के परिवारों तक पहुंचने लगा है। जनपद मुज़फ्फरनगर के प्रतिष्ठित व्यापारी परिवारों से जुड़े चार लोग इस समय दुबई में फंसे हुए हैं, जिससे परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।
जानकारी के अनुसार, शहर के प्रसिद्ध व्यापारी राम कुमार सर्राफ के पुत्र संजय तायल अपनी पत्नी के साथ अवकाश मनाने दुबई गए थे। वहीं वरिष्ठ समाजसेवी कुंज बिहारी अग्रवाल के पुत्र राजन अग्रवाल भी अपनी पत्नी सहित घूमने के उद्देश्य से दुबई पहुंचे थे। इसी दौरान मध्य पूर्व में हालात अचानक बिगड़ गए और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर व्यापक असर पड़ा। कई उड़ानें रद्द या स्थगित कर दी गईं, जिसके चलते ये सभी लोग दुबई में ही रुकने को मजबूर हो गए।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कपिल देव अग्रवाल, जो उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री हैं, आर्य समाज रोड स्थित सिद्धार्थ कॉलोनी में राम कुमार सर्राफ के आवास पर पहुंचे। उन्होंने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर पूरी स्थिति की जानकारी ली और उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार स्तर पर हरसंभव प्रयास किया जाएगा ताकि सभी लोग सुरक्षित और शीघ्र स्वदेश लौट सकें।
इस दौरान मंत्री ने दूरभाष पर राजन अग्रवाल से भी बातचीत की। राजन अग्रवाल ने बताया कि वहां के स्थानीय प्रशासन ने बुधवार को फ्लाइट उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। यदि सब कुछ ठीक रहा तो वे जल्द ही भारत लौट सकते हैं। हालांकि, जब तक वे सुरक्षित घर नहीं पहुंच जाते, तब तक परिवारजनों की चिंता बनी हुई है।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों से भी वार्ता की है और प्रशासनिक स्तर पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और संबंधित विभाग लगातार संपर्क में हैं और जरूरत पड़ने पर केंद्र सरकार से भी समन्वय किया जाएगा।
इधर, परिवारजनों के साथ-साथ शहरवासियों में भी चिंता का माहौल है। सभी लोग दुबई सहित मिडिल ईस्ट में फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षित और शीघ्र भारत वापसी की कामना कर रहे हैं। जब तक हालात सामान्य नहीं होते, तब तक परिजनों की निगाहें हर अपडेट पर टिकी हुई हैं।

